सीरिया के तनाव से पेट्रोल, डीजल के भाव में लगेगी आग
By Outcome.c :16-04-2018 07:25

नई दिल्ली: सीरिया में चल रहे तनाव के कारण आपके पेट्रोल (Petrol Price), डीजल के भाव पर बड़ा असर पड़ सकता है। 2014 के बाद से कच्चे तेल (Crude price) की कीमत सबसे ऊंचाई पर है। रिसर्च फर्म जेपी मॉर्गन (JP Morgan) का कहना है कि ब्रेंट क्रूड के दाम 80 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकता है। जेपी मॉर्गन के मुताबिक अमेरिका ने सीरिया पर जो हमला किया है उसके कारण मध्य पूर्व में तनाव बढ़ गया है। इस कारण ईरान पर नए अमेरिकी प्रतिबंध भी लगने का आशंका बढ़ गई है। अगर कच्चे तेल की कीमत 80 डॉलर के पार गई तो भारत में पेट्रोल और डीजल के भाव आसमान पर पहुंच जाएंगे।भारत अपनी जरुरत का अधिकतर तेल आयात करता है। हम ये आयात अमेरिकी मुद्रा डॉलर में करते हैं। अगर कीमत बढ़ी तो हमें ज्यादा डॉलर देने होंगे। इसका असर रुपए के भाव पर भी पड़ेगा। डॉलर की ज्यादा मांग होगी तो डॉलर का भाव मजबूत होगा और रुपए का भाव कमजोर होगा। ऐसे में हमारे ऊपर दोहरी मार पड़ेगी। रुपया कमजोर होने पर हमे कच्चा तेल आयात करने के लिए ज्यादा रुपए खर्च करने होंगे। इसका असर सरकार के राजकोषिय घाटे पर भी पड़ेगा। ज्यादा रुपए खर्च करने पर सरकार को ज्यादा उधार लेना पड़ेगा। इस कारण हमारा घाटा और बढ़ेगा।शनिवार को अमेरिका, ब्रिटेन और फ्रांस ने सीरिया पर हमला किया था। इस कारण तेल के बाजार में हलचल मच गई। जिसका असर कच्चे तेल के दाम पर पड़ा और इसमें तेजी आ गई। पिछले हफ्ते ब्रेंट क्रूड की कीमत 8.6 फीसदी बढ़कर 72.58 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गई। ये कीमत नवंबर 2014 के बाद से सबसे ज्यादा है। इस तनाव का असर भारत के शेयर बाजार पर भी पड़ा। सेंसेक्स में खुलते ही 250 प्वाइंट की गिरावट आ गई।दूसरी तरफ निफ्टी ने भी 10,400 का स्तर टेस्ट कर लिया। जेपी मॉर्गन के मुताबिक सीरिया तेल उत्पादन बड़े क्षेत्र के बीच में है। अगर वहां तनाव बढ़ेगा तो तेल की कीमतों पर भी बुरा असर पड़ेगा। फिलहाल दिल्ली में पेट्रोल के भाव 73 रुपए के पार है। मुंबई में पेट्रोल के भाव 82 रुपए प्रति लीटर के करीब पहुंच चुके हैं। दिल्ली में डीजल के भाव 65 रुपए प्रति लीटर हैं। वहीं मुंबई में डीजल के भाव 69.31 रुपए प्रति लीटर हैं।
Source:Agency